महोबा। कानपुर-सागर हाईवे पर बजरंग चौक स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर की दीवार तोड़कर तेज रफ्तार बोलेरो अंदर घुस गई। इस दौरान मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे भक्तों में भगदड़ मच गई। हादसे के बाद बोलेरो पर सवार तीन लोग कूदकर भाग गए। दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बजरंग चौक स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में मंगलवार व शनिवार को भक्तों की भीड़ जुटती है। शनिवार को भक्त मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो मंदिर की दीवार तोड़कर अंदर घुस गई। दीवार का मलबा काफी दूर तक उछल कर गिरा। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हादसे के बाद बोलेरो पर सवार तीन युवक मौके से भाग गए। वहीं, बरदानी व आलोक को भीड़ ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।