महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के चार राजकीय व 23 निजी महाविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। विश्वविद्यालय की ओर से कई बार आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है। ऐसे में शिक्षण सत्र 2025-26 का पूरा जुलाई माह का समय निकल गया। इसके बाद भी छात्रों के दाखिले शुरू नहीं हो सके।
समर्थ पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया जटिल होने से छात्र आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। इससे महाविद्यालयों की रिक्त सीटों के सापेक्ष पर्याप्त आवेदन नहीं हो सके। ऐसे में विश्वविद्यालय की ओर से आवेदन की तिथि को एक बार फिर 11 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। इससे पूरा जुलाई माह आवेदन प्रकिया में निकल गया। वीरभूमि महाविद्यालय में बीए प्रथम सेमेस्टर में 720, बीएससी गणित में 240, बीएससी बायोलॉजी में 240 व बीकॉम में 120 सीटों पर प्रवेश होना है। वहीं, स्नातकोत्तर कक्षाओं में एमकॉम में 60, एमए हिंदी में 60, राजनीति विज्ञान में 60 और अर्थशास्त्र में 60 पर प्रवेश लिए जाना है। लेकिन अभी तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हुई। महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. प्रदीप कुमार का कहना है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही विश्वविद्यालय के निर्देश पर स्नातक व स्नातकोत्तर कक्षाओं में छात्र-छात्राओं के प्रवेश होंगे।