महोबा। थाना महोबकंठ के मड़वारी गांव में एक युवक को रस्सियों से बांधकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने चार आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
मड़वारी निवासी नरेंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक मार्च की दोपहर वह अपने खेत से घर आ रहा था। रास्ते में गांव के रामकुमार पाठक से ईंट हटाने के लिए कहा। इस पर बहस हो गई। नरेंद्र का आरोप है कि रामकुमार उसे घसीटते हुए घर के अंदर ले गया। वहां पर रस्सियों से बांधकर लात-घूंसों से पिटाई की। इस घटना में रामकुमार के परिवार के जयनारायण, प्रताप नारायण और लल्ला पाठक ने भी सहयोग दिया। मामले की सूचना पर डायल-112 पुलिस पहुंची और नरेंद्र को छुड़वाया। मामले में पुलिस ने रामकुमार, जय नारायण, प्रताप नारायण और लल्ला पाठक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।