जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती संक्रामक बीमारियोंं के मरीज। संवाद
- फोटो : जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती संक्रामक बीमारियोंं के मरीज। संवाद
महोबा। जिले में संक्रामक बीमारियोंं का कहर जारी है। शनिवार की देर रात बुखार और डायरिया से पीड़ित युवक की जिला अस्पताल में उपचार दौरान मौत हो गई जबकि 11 लोगों की हालत नाजुक होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया। इसके अलावा उल्टी-दस्त, बुखार, पेटदर्द आदि के मरीजोंं की अस्पताल में संख्या अधिक है। डॉक्टर ऐसे मौसम में बेहद सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
रविवार को जिला अस्पताल मेंं अवकाश होने के चलते ओपीडी नहीं खुली। इससे सामान्य बीमारियोंं के मरीजों ने इमरजेंसी वार्ड पहुंच उपचार कराया। बुखार, पेटदर्द, उल्टी, दस्त, चक्कर आना आदि के सबसे ज्यादा मरीज आए। 24 घंटे में पेटदर्द, बुखार व उल्टी-दस्त से ग्रसित पवन, विराज, दुर्जन, हरीश, आराध्या, पिंकी, जैनुल, दीप, राजेश, लक्ष्य व पार्वती को गंभीर हालत में वार्ड में भर्ती कराया गया।
कोतवाली चरखारी के दमदमा गांव निवासी विनोद (35) दो दिन से बुखार और डायरिया से पीड़ित था। शनिवार की देर रात अचानक हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। यहां इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। सीएमएस डॉ. पीके अग्रवाल का कहना है कि इस मौसम में बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। उबला या फिल्टर पानी ही पीएं। घर का बना ताजा व हल्का भोजन करें। बारिश में भीगने से बचें और अगर भीग जाएं तो तुरंत कपड़े बदलें। मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।