फोटो 11 एमएएचपी 13 परिचय-शहर के सकरे सन्या मंदिर के पास दिवारी नृत्य की प्रस्तुति देते कलाकार।
महोबा/अजनर। दिवाली की दूज पर बुधवार को शहर के छोटी चंद्रिका मंदिर के पास स्थित सकरे सन्या मंदिर परिसर में दिवारी नृत्य का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान विभिन्न स्थानों से आए दिवारी नृत्य समूहों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। दिवारी नृत्य में बुंदेली लोक संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली।
वर्षों से चली आ रही बुंदेलखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरा दिवारी नृत्य की इस वर्ष भी धूम रही। लखनलाल बुंदेलखंडी लोक नृत्य समिति के कलाकारों ने पारंपरिक दिवारी नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। कलाकारों ने अपनी मनमोहक कला, पारंपरिक वेशभूषा व आकर्षक नृत्य से बुंदेलखंड की गौरवशाली लोक संस्कृति की अनूठी झलक बिखेरी।
दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की और तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। अजनर संवाद के अनुसार दिवारी के दूसरे दिन ग्रामीण क्षेत्रों में दिवारी नृत्य का आयोजन हुआ। विभिन्न टीमों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते हुए गांव व आसपास के क्षेत्र में भ्रमण किया। दिवारी नृत्य की प्रस्तुतियां ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
फोटो 11 एमएएचपी 13 परिचय-शहर के सकरे सन्या मंदिर के पास दिवारी नृत्य की प्रस्तुति देते कलाकार।