खरेला (महोबा)। कोतवाली चरखारी के एक गांव में शोहदे से परेशान बीएससी की छात्रा ने मंगलवार रात जहर खाकर जान दे दी। आत्महत्या करने के दौरान पहले युवती ने जहर खाने का वीडियो बनाया। इसके बाद युवक को व्हाट्सएप पर भेजा। वीडियो भेजने के बाद लिखा, तुम चाहते थे न मैं मर जाऊं, अब तुम्हारे मन का हो जाएगा। अब खुश रहना, आजाद हो तुमने मुझे बहुत परेशान कर रखा था। छात्रा की मौत के मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की है।
एक गांव निवासी 21 वर्षीय युवती कस्बा चरखारी के एक महाविद्यालय में बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा थी। उसे दूसरे गांव का युवक रामनरेश राजपूत दो साल से लगातार परेशान कर रहा था। रास्ते में आने-जाने के दौरान युवक मानसिक रूप से परेशान करता था। फोन पर भी कॉल करके शादी का दबाव बनाया जा रहा था। इससे परेशान छात्रा ने मंगलवार रात जहर खा लिया। अचेत अवस्था में परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। यहां से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। झांसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसके मोबाइल में एक वीडियो मिला है, जिसमें छात्रा जहर का पैकेट खोलकर खाते और फिर पानी पीते नजर आ रही है। जहर खाते वीडियो बनाने के बाद उसने आरोपी के व्हाट्सएप पर भी भेजा और मैसेज भी लिखे।
छात्रा के पिता ने थाना खरेला में तहरीर देकर बताया कि रामनरेश उसकी बेटी को दो वर्ष से लगातार परेशान कर रहा था। शादी का दबाव बनाता था। विरोध करने पर धमकी दी जाती थी। बेटी ने उनसे यह बात नहीं बताई। आरोपी की प्रताड़ना से बेटी ने जहर खाकर आत्महत्या की है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रामनरेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
अपर एसपी वंदना सिंह का कहना है कि सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा।