महोबा। एसओजी व थाना महोबकंठ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार के इनामी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। आरोपी के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से सात मुकदमे दर्ज हैं।
वह निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से लूट के मामले में फरार चल रहा था। जिला छतरपुर के बमनौराकलां निवासी आशीष नामदेव निजी फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी है। वह 30 जनवरी को ग्राहकों से लोन की वसूली कर लौट रहा था। तभी थाना महोबकंठ के पचारा गांव के पास उसके साथ लूट की घटना हुई थी।
बदमाश मारपीट करने के बाद 26,040 रुपये लूट ले गए थे। घटना के खुलासे के लिए एसपी पलाश बंसल ने टीमें गठित की थीं। शनिवार को पुलिस को आरोपी को पचारा के पास छिपा होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्वाॅट टीम प्रभारी शिवप्रताप सिंह, महोबकंठ थाने के एसआई राजेश कुमार ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच घेराबंदी की।
रोकने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में एक गोली आरोपी के पैर में लगी। इससे वह गिर गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम धर्मेंद्र पाल निवासी बेरी थाना अजनर बताया।
अपर एसपी वंदना सिंह का कहना है कि पकड़े गए शातिर अपराधी पर 25 हजार का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लूट के छह हजार रुपये, एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया।