महोबा। उत्तरप्रदेश विधान परिषद की विधानमंडल सदस्यों के आवासीय परिवाद संबंधी जांच समिति की सभापति रमा निरंजन ने अफसरों के साथ बैठक कर जिले के सर्किट हाउसों को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कोणार्क की तर्ज पर बने रहेलिया के सूर्य मंदिर का सुंदरीकरण कराने और कैंटीन खोलने के निर्देश दिए। ताकि, आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में सभापति ने जिले के सर्किट हाउस, निरीक्षण भवनों व डाक बंगलों में ठहरने के लिए बनाए गए आगंतुक रजिस्टरों के पिछले तीन वर्षों के विवरण, साफ-सफाई व्यवस्था, साजसज्जा सामग्री कितने सालों में बदली जाती है, इसकी समीक्षा की। उन्होंने खनिज अधिकारी को अपने विभाग से पनवाड़ी सर्किट हाउस को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। कहा कि वन विभाग के निरीक्षण भवनों को साजसज्जा और बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाया जाए। रहेलिया सूर्य मंदिर के पास स्थित तालाब का सुंदरीकरण कराया जाए।
विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि जिले में पर्यटन की अपार संभावना है। खजुराहो आने वाले पर्यटक महोबा आएं, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। छतरपुर मार्ग पर मोदी ग्राउंड के पास पर्यटन की दृष्टि से दस कमरों का नया सर्किट हाउस बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, डीएम मृदुल चौधरी, एसपी अपर्णा गुप्ता, सीडीओ चित्रसेन सिंह, एडीएम रामप्रकाश, शिशिर कुमार, एसडीएम जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।