पुलिस लाइन सभागार स्थित परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को चार जोड़ों को आपसी सुलह समझौते के आधार पर समझौता कराकर घर भेज गया। महीनों से बिछड़े पति- पत्नी एक- दूसरे के साथ खुश नजर आए। शेष मामलों का निस्तारण अगले रविवार को किया जाएगा।
रविवार को कोई पति से तो कोई पत्नी से आहत होने पर पुलिस लाइन सभागार में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र पहुंचे। पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद काउंसलरों ने उनके गिले शिकवे दूर कराए। बाद में दोनों को पुलिस अधीक्षक व परामर्श केंद्र के सदस्यों द्वारा समझा कर उनका मिलाप कराया और घर भेजा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आपसी कलह के चलते परिवार बर्बाद हो जाते हैं, इसका असर बच्चों पर पड़ता है। ऐसे में बच्चों की ठीक से परवरिश नहीं हो पाती है। मां- बाप के झगड़े में बच्चे पिस जाते है।
पुलिस अधीक्षक की नसीहत लोगों को पसंद आई और पति- पत्नियों ने सुलह समझौता कर एक- दूसरे के साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया। इस मौके पर महिला थानाध्यक्ष संगीता सिंह, परिवार परामर्श केंद्र की सदस्य नेहा चंसौरिया, शिव कुमार गोस्वामी मौजूद रहे।