महोबा। बाल विकास परियोजना विभाग में अनियमितताएं अधिकारियाें के लिए जी का जंजाल बन गई हैं। जिलाधिकारी ने मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्य को देख रहे केसरीनंदन तिवारी को पद से हटा दिया है। उन्हें जैतपुर सीडीपीओ पद पर तैनात करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी के पद में आरती कुमार को तैनात कर दिया।
जिले में जिला कार्यक्रम अधिकारी के पद को काफी समय से संभाल रहे सीडीपीओ पद में तैनात केसरीनंदन तिवारी का अतिरिक्त कार्यभार छीन लिया गया। मंगलवार को जिलाधिकारी ने सीडीपीओ पद में जैतपुर तैनात करते हुए केसरीनंदन तिवारी को हटा दिया। उनके स्थान पर महोबा सीडीपीओ आरती कुमार को जिला कार्यक्रम अधिकारी का चार्ज दे दिया है। गौरतलब है कि बाल विकास परियोजना के क्रियान्वयन और नियुक्तियाें में व्यापक धांधली को लेकर हमेशा चर्चा में रहे श्री तिवारी करीब चार वर्ष से जिला कार्यक्रम अधिकारी का कार्यभार देख रहे थे। नवागंतुक जिलाधिकारी डा. काजल ने बाल विकास परियोजना विभाग के पारदर्शी क्रियान्वयन में गंभीर रुख अपनाया। तमाम खामियाें और शिकायताें को देखते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी पद से केसरीनंदन तिवारी को हटा दिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण करने के लिए फिलहाल सीडीपीओ आरती कुमार ने मंगलवार को चार्ज नहीं लिया है। अनियमितताआें का खुलासा होते देख वह भी इस पद से अपना बचाव कर रहे हैं।