खरेला (महोबा)। थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़खानी की शिकायत करने से नाराज तीन युवकाें ने एक युवती के नाम से भद्दी बातें लिखकर अश्लील पोस्टर छपवाकर गांव के गली-कूचे और चौराहाें पर कई जगह चिपकाकर युवती की इज्जत को तार-तार कर दिया।
शासन की सख्ती के बाद भी छेड़खानी की घटनाआें पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। हालत यह है कि आए दिन युवतियाें से छेड़खानी और छीनाझपटी व अभद्रता की घटनाएं बढ़ रही हैं। खरेला थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती ने आए दिन गांव के ही तीन युवकाें द्वारा रास्ते में अश्लील हरकतें करने की शिकायत परिजनाें से की। इससे गुस्साए गांव के ही जसवंत उर्फ दाऊ, राजू पुत्र नंदकिशोर और ब्रजेंद्र पुत्र बालादीन ने युवती के नाम भद्दी और अश्लील बातों के करीब सौ पोस्टर छपवाकर रविवार की रात गांव के गली कूचे और चौराहाें पर कई जगह चिपका कर युवती की इज्जत तार-तार कर दी। युवती के पिता ने सोमवार को घटना की रिपोर्ट गांव के ही जसवंत, राजू और ब्रजेंद्र के खिलाफ थाना खरेला में दर्ज करा दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनाें आरोपियाें को गिरफ्तार कर लिया है। युवकाें की इस हरकत से गांव वासियाें में खासा गुस्सा है। थानाध्यक्ष भास्कर मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपियाें को जेल भेजा जाएगा।