महोबा/श्रीनगर। जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने धवर्रा-सिजवाहा ग्राम पेजयल योजना का जायजा लिया। उन्होंने योजना से जुड़े 97 गांवों को माह के अंत तक हर घर पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान पेयजल से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता के साथ किया जाए। पेयजल के लिए किसी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
जिला भ्रमण पर आए जलशक्ति राज्यमंत्री ने धवर्रा-सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना में शामिल फुटेरा गांव में निर्माणाधीन 24 एमएलडी डब्लूटीपी का निरीक्षण किया। डब्लूटीपी क्रियाशील मिला। राज्यमंत्री ने धवर्रा-सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना में शामिल सभी 97 ग्रामों में अक्तूबर के अंत तक पेयजलापूर्ति चालू करने के निर्देश दिए। इसके बाद छतरपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में जल जीवन मिशन और अटल भूजल योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने हर घर नल से जल व अटल भूजल योजनाओं से होने वाले लाभों को जनता के बीच पहुंचाने के निर्देश दिए। कहा कि भूगर्भ जल विभाग के अधिकारी ब्लॉकवार जलस्तर का आंकलन करें। साथ ही विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन से जलस्तर में होने वाले सुधार के बारे में शासन को अवगत कराया जाए। नागरिकों को भी भूगर्भ स्तर में सुधार के बारे में जागरूक किया जाए। इस मौके पर एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, जलनिगम के एक्सईएन संदेश सिंह तोमर, एई मनोज कुमार राजपूत, प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप पांडेय आदि मौजूद रहे।