चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने को भटक रही पीड़िता
महोबा। शहर के मोहल्ला गांधी नगर में एक माह पहले हुई हजारों की चोरी के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज नही किया। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पीड़िता भटक रही है। उसने एक बार फिर उच्चाधिकारियों को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला गांधी नगर डाकबंगला के पीछे की निवासी रामश्री राजपूत पत्नी रामसहाय ने एसपी समेत पुलिस उच्चाधिकारियों को भेजी शिकायत में बताया कि छह फरवरी की रात वह परिवार सहित घर पर थी। तभी चोर दीवार फांदकर मकान में घुस आए और अलमारी का ताला तोड़कर सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना की तहरीर कोतवाली में सौंपी गई लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नही किया। जिससे वह परेशान है। कोतवाली प्रभारी विपिन त्रिवेदी का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। ब्यूरो