महोबा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे गहन मतदाता पुनरीक्षण में अब तेजी आ गई। मंगलवार तक जनपद में 73 फीसदी गणना प्रपत्रों की फीडिंग का काम पूरा हो गया है। इस दौरान एसआईआर के काम में लगाए गए अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण करते रहे और बीएलओ को आवश्यक दिशानिर्देश लेकर गणना प्रपत्रों की फीडिंग का काम कराया।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चार नवंबर से चार दिसंबर तक एसआईआर का काम कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, अब एसआईआर के फार्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 11 दिसंबर कर दी गई है। रविवार को जहां 65 फीसदी गणना प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग हुई थी। वहीं, मंगलवार को 73 फीसदी गणना प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग हुई।
जिले में एसआईआर के काम में लिए महोबा व चरखारी विधानसभा क्षेत्र में स्थित 734 बूथों पर 734 बूथ लेबल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही बीएलओ की सहायता के लिए सहायक बीएलओ भी लगाए गए हैं। इस दौरान लोगों के एसआईआर फार्म भरकर जमा कराए गए। जनपद स्तर पर उच्चाधिकारी भी एसआईआर की प्रक्रिया पर पूरी तरह निगाह रखे हुए हैं। एडीएम कुंवर पंकज ने बताया कि गणना प्रपत्रों की फीडिंग का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। समयसीमा के अंदर शत-प्रतिशत फीडिंग कराई जाएगी।
भाजपाइयों ने शुरू किया कुंडी खटकाओ अभियान
महोबा। गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत भाजपाइयों ने कुंडी खटकाओ अभियान शुरू किया है। इसके तहत भाजपा नगर मंडल महोबा में मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने वोटर हेल्प डेस्क पर सभी मतदाताओं के एसआईआर फॉर्म भरवाए। इसके बाद बूथ क्षेत्र में रहने वाले लोगों के घर-घर जाकर संपर्क किया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि समय सीमा के अंदर अपने, परिवार के और सभी मोहल्लेवासियों के फॉर्म जरूर भरकर जमा करें।
इस मौके पर सत्येंद्र गुप्ता, युवा मोर्चा पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष अवस्थी, अंकित शुक्ला, मयंक मिश्रा, धीरेंद्र राठौर, अनुज सोनी, पंकज गुप्ता, गया प्रसाद राठौर, गणेश अनुरागी, सुनीता वर्मा, सभासद बृजेंद्र साहू आदि मौजूद रहे।