अल्पसंख्यक समुदाय के कब्रिस्तानों व शमसानघाट भूमि की सुरक्षा योजना के अंर्तगत कार्यान्वयन समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। यहां कब्रिस्तान की चहारदीवारी बनवाने के लिए नौ प्रस्ताव पारित किए गए।
जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह ने अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि पारित प्रस्तावों के गाटा संख्या सभी उपजिलाधिकारियों को उपलब्ध कर दें। इससे कार्य स्थलों का विधिवत परीक्षण हो सके। साथ ही बाउंड्रीवाल के निर्माण में कोई विवाद उत्पन्न न हो।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे स्थान का चयन करें ,जहां कब्जे की संभावना अधिक हो अथवा शहर के बीच में हो। उन्होंने रकवे की पैमाइश कराकर अंतिम चयन के समय स्थानीय लोगों का सहयोग लेने की अपील की।
अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी डा. आई सिद्दीकी ने बताया कि कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल बनवाने के लिए शुक्लाना ग्रांटगंज महोबा , सुगिरा कुलपहाड़, सगुनियामाफ जैतपुर, पनवाड़ी, हजीरखाना पनवाड़ी, क्रिश्चियन कब्रिस्तान, हरिजन बस्ती महोबा, कब्रिस्तान दरीवा महोबा का प्रस्ताव पारित किया गया है।
बाउंड्रीवाल के निर्माण के लिए 70.97 लाख की धनराशि विभाग के पास है। बैठक में मुख्यविकास अधिकारी शिवनारायण, अपरजिला अधिकारी संतोष कुमार राय, सीओ सिटी संदीपकुमार, काजीशहर आफाक हुसैन, सपा जिालध्यक्ष बाबूमंसूरी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।