चरखारी और महोबा के मॅाडल सिटी घोषित होने के बाद अधिकारियों ने कार्य योजना बनाना शुरू कर दिया है। पहले चरण में शहर के मुख्य चौराहों से अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके बाद सुंदरीकरण की योजना अमल में लाई जाएगी। चौराहों पर एलईडी और सिग्नल लाइट लगेंगी। इसका खाका तैयार कर लिया गया है।
शहर को नया लुक देने के लिए कार्य योजना बना ली गई है। मुख्य मार्गों के निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। भूमिगत पाइप लाइन और बिजली लाइन बिछाए जाने का जिम्मा जल निगम और बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता को दिया गया है। इसके अलावा शहर में एक एक फीट ऊंचे सीसी रोड का जाल बिछाया जाएगा।
सड़क निर्माण होने के बाद दोनों तरफ बचे फुटपाथ को भी पक्का बनाया जाएगा। सड़क के दोनों तरफ टपरा डालकर अवैध कब्जा करने वाले दुकानदारों के मार्गों को चौड़ा कि या जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सड़क के किनारे अवैध कब्जा करने वाले अतिक्रमणकारियों को नोटिस थमाने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस का समय समाप्त होने के बाद अतिक्रमण हटाया जाएगा। शहर के मुख्य चौराहों का लाइट और फाउंटेन लगा कर सुंदरीकरण किया जाएगा।