अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। जिलाधिकारी सहदेव की अध्यक्षता में शनिवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई, जिसमें संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि इस समय जिले में पेयजल की सबसे ज्यादा शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने डीपीआरओ, डीडीओ, बीडीओ और सभी एडीओ पंचायत को निर्देश दिए कि जल निगम और जल संस्थान से समन्वय स्थापित कर पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पेयजल समस्या के लिए जिले में पेयजल कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी गई है। कलक्ट्रेट, विकास भवन, जल संस्थान, जलनिगम के अलावा ब्लाक कबरई, चरखारी, जैतपुर और पनवाड़ी में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। पेयजल की समस्या होने पर 24 घंटे किसी भी समय शिकायत की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी इस काम में लापरवाही न करें अन्यथा की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने डीपीआरओ को निर्देश दिए कि सभी एडीओ पंचायत को टारगेट देकर कार्य कराएं, न करने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए। जिलाधिकारी ने आईजीआरएस की शिकायतों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित कराने के लिए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
- समीक्षा बैठक में जल निगम व जल संस्थान से समन्वय बनाने के निर्देश
- शौचालयों की धीमी प्रगति पर डीएम ने जताई नाराजगी