महोबा। उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल की ओर से छठ पर्व को लेकर 13 प्रमुख स्टेशनों पर 476 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। महोबा रेलवे स्टेशन पर 51 कैमरे लगाए गए हैं। जिसकी रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
इस समय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जुट रही है। इससे प्लेटफार्म यात्रियों से भरे रहते हैं। ऐसे में स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण को लेकर रेलवे की ओर से विशेष सजकता बरती जा रही है। रेलवे की ओर से झांसी मंडल के स्टेशनों पर सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया गया है। रेलवे झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर 104 कैमरे, चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन पर 48 कैमरे, ललितपुर स्टेशन पर 44 कैमरे, उरई स्टेशन पर 43 कैमरे, महोबा स्टेशन पर 51 कैमरे व ग्वालियर स्टेशन पर 25 कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। जैसे ही किसी स्टेशन पर भीड़ अधिक दिखाई देती है, रेलवे सुरक्षा बल और स्टेशन स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित कर रहे हैं।