महोबकंठ (महोबा)। थाना महोबकंठ के सौरा गांव में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर 40 हजार की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
सौरा निवासी भारत सिंह का बस्ती के अंदर पुश्तैनी मकान है। उसके बड़े भाई, माता, पिता व अन्य परिजन रहते हैं। सभी लोग मकान में ताला लगाकर छोटे भाई के यहां गए थे। तभी रात के समय चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर अलमारी और बक्सों में रखी 40 हजार की नकदी, सोने की झुमकी, हार, लॉकेट, अंगूठी, चांदी की पायल, बिछिया आदि चोरी कर ले गए।
परिजन जब घर पहुंचे तो ताले टूटे व माल गायब देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पहुंच बारीकी से जांच की। थानाध्यक्ष गणेश कुमार गुप्ता का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।