कबरई (महोबा)। अब जल्द ही कस्बा कबरई के ऊंचाई वाले आधा दर्जन से अधिक वार्डों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति हो सकेगी। पानी को लेकर परेशान कस्बावासियों ने कई बार आंदोलन किया। व्यापारियों ने भी जिला स्तर से लेकर शासन स्तर पर लिखा पढ़ी की। जिसके बाद शासन ने योजना को हरी झंडी दे दी लेकिन पैसा रिलीज न किए जाने पर लोगों ने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी थी। चार दिन पहले शासन ने पानी की टंकी निर्माण के लिए 2.10 करोड़ की पहली किस्त जारी कर दी है।
कस्बे में वर्ष 1993 में जल निगम ने सवा करोड़ की लागत से पेयजल योजना बनाकर चालू की थी। आबादी बढ़ने के साथ पेयजल की मांग बढ़ने लगी। जिससे ऊंचाई वाले वार्डों में जलापूर्ति ठप हो गई। दो दशक से बिना पानी का उपयोग किए ऊंचाई वाले आधा दर्जन वार्डों के लोग जलकर की अदायगी करते आ रहे। वर्ष 2006-07 में समाजसेवी प्रीतम प्रसाद निगम की अगुवाई में व्यापारियों व आम नागरिकों की एक कमेटी बनाई गई जो कलशहा बाबा पहाड़ी में पानी की टंकी बनवाने की लड़ाई लड़ रही थी। शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 8 मार्च को नगर पंचायत को 2.10 करोड़ रिलीज कर दिया। चेयरमैन मूलचंद्र कुशवाहा ने बताया कि शासन ने धन रिलीज कर दिया है। चुनाव आचार संहिता लग जाने के कारण काम शुरू नहीं हो सकता। जल्द ही कलशहा बाबा में पानी की टंकी बनेगी। जल निगम सिविल शाखा के सहायक अभियंता संदेश तोमर ने बताया की कलशहा बाबा पहाड़ी में पानी की 800 केएल की पानी की टंकी पहले जोन में, दूसरे जोन चंद्रावल रोड में 1700 केएल (क्यू लीटर) की पानी टंकी व कस्बे में 31 किलोमीटर नई पाइपलाइन, 5 एमएलडी का फिल्टर प्लांट व 6 मीटर ब्यास का कबरई बांध के अंदर इंटेकवेल बनाया जाएगा। जिससे पूरे कस्बे को दो जोन के माध्यम से जलापूर्ति हो सकेगी। उन्होंने बताया कि 22 करोड़ की कबरई पेयजल योजना का दस प्रतिशत धन अभी दिया गया है। जल्द सब पैसा रिलीज हो जाएगा।
पानी की टंकी बनने का रास्ता साफ, दो करोड़ रिलीज