जिले के चारों विकासखंडों के 273 नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों में से 260 को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। 13 ग्राम पंचायतों में सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण ग्राम प्रधानों की शपथ नहीं हो सकी।
सुबह से ही ग्राम प्रधानों की भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई। विकासखंड कबरई की 94 ग्राम पंचायतों में से 89 ग्राम प्रधानों को बीडीओ पीएन दीक्षित ने शपथ दिलाई। विकासखंड कबरई देहात, गौहारी, पलका सहित पांच ग्राम पंचायतों के सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण यहां के प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई गई। इसी तरह विकासखंड चरखारी की 52 ग्राम प्रधानों को तहसीलदार अहिवरन सिंह ने शपथ दिलाई।
विकासखंड जैतपुर के 63 ग्राम पंचायतों में से 54 ग्राम प्रधानों को ब्लाक सभागार में एसडीएम मो. रिजवान ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। यहां पर बिहार, गंज, बुधौरा, मगरिया, टिकरिया जैतपुर, बछेछरखुर्द, महेवा, भदरवारा सहित नौ ग्राम पंचायतों के सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण नौ प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई जा सकी।
इसी तरह विकासखंड पनवाड़ी की 64 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को बीडीओ पीके पांडेय ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। चारों विकासखंडों में सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित जिले की विकास पुस्तिकाओं का प्रधानों को वितरण किया गया।
रविवार को विकासखंडों में शपथ ग्रहण करने आई नव निर्वाचित महिला ग्राम प्रधानों ने घूंघट की ओट में शपथ ली। 90 फीसदी से ज्यादा महिलाएं घूंघट ओड़ कर शपथ लेने आईं। उन्हें जैसे ही शपथ पत्र दिए गए तो बोल पड़ीं कि ईया कहाय। तभी उनके साथ आए उनके परिजनों ने शपथ पत्र बताकर चुप रहने को कहा।