-भोर चार बजे से डाक बंगला मैदान में लगीं किसानों की कतारें
-घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिला टोकन, किसी को एक तो किसी को दो बोरी खाद का वितरण
संवाद न्यूज एजेंसी
पनवाड़ी (महोबा)। रबी की बोआई के बीच डीएपी खाद की किल्लत किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। शुक्रवार को पनवाड़ी क्षेत्र के पीसीएफ केंद्र व बी-पैक्स देवगनपुरा में 1,650 बोरी खाद का वितरण किया गया जबकि खाद लेने के लिए ढाई हजार से तीन हजार किसान पहुंच गए। सीमित उपलब्धता के चलते करीब एक हजार किसानों को ही खाद मिल सकी जबकि लगभग डेढ़ हजार किसानों को टोकन तक नहीं मिला और उन्हें मायूस होकर खाली हाथ लौटना पड़ा।
दोनों समितियों के लिए टोकन वितरण डाक बंगला मैदान से प्रशासन की मौजूदगी में कराया गया। खाद मिलने की सूचना पर किसान भोर चार बजे से ही डाक बंगला पहुंचने लगे। सुबह होते-होते मैदान में लंबी कतारें लग गईं। घंटों इंतजार के बाद भी कई किसानों को टोकन नहीं मिल सका। इससे किसानों में मायूसी छा गई। कई किसान बिना खाद लिए ही घर लौटने को मजबूर हुए। किसान रामप्रताप, दिनेश, हरिओम व कुंवर ने बताया कि खाद मिलने की जानकारी पर वह अपने जरूरी काम छोड़कर सुबह-सुबह पहुंच गए थे लेकिन घंटों लाइन में लगने के बाद भी टोकन नहीं मिला। किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं, चना और मटर की बोआई चल रही है। समय पर डीएपी न मिली तो बोआई पिछड़ जाएगी। इसका सीधा असर फसल की पैदावार पर पड़ेगा।
उधर, पीसीएफ केंद्र प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि केंद्र पर एक हजार बोरी खाद उपलब्ध थी। प्रशासन की मौजूदगी में डाक बंगला से टोकन बांटकर टोकनधारकों को खाद वितरित की गई। वहीं, बी-पैक्स देवगनपुरा के केंद्र प्रभारी अनवर खान ने बताया कि समिति पर 650 बोरी खाद उपलब्ध थी। सुबह से ही टोकन वितरण कर खाद बांटी गई। समिति के सदस्यों को दो बोरी व अन्य किसानों को एक बोरी खाद दी गई।
फोटो 13 एमएएचपी 07 परिचय-टोकन के लिए केंद्र के बाहर खड़े किसान। संवाद