शहर में दिनदहाड़े दो जेबकतरों ने टेंपो सवार एक यात्री की जेब काटकर 25 हजार रुपयों से भरा पर्स उड़ा दिया। जेब कटने का एहसास होने पर यात्री ने बाइक में बैठकर भग रहे जेबकतरे को पकड़ लिया। बाद में लोगों ने जेबकतरे की धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने जेबकतरे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जनपद झांसी के थाना मोठ के ग्राम कुम्हरिया निवासी संतराम पुत्र रघुनाथ सोमवार को रेलवे स्टेशन से टेंपो में बैठकर रोडवेज बस स्टैंड जा रहा था। तभी रास्ते में आल्हा चौक पहुंचने पर टेंपो में दो लोग सवार हो गए और रास्ते में ही संतराम की जेब काटकर 25 हजार रुपये से भरा पर्स निकाल लिया। रोडवेज बस स्टैंड पर टेंपो रुकते ही दोनों युवक एक बाइक में सवार होकर भागने लगे। तभी जेब हल्की प्रतीत होने पर उसने देखा तो पर्स गायब था। शक होने पर संतराम ने दौड़कर बाइक में भाग रहे जेबकतरे को पकड़ लिया। जबकि उसका दूसरा साथी भागने में कामयाब रहा। जेबकतरे को पकड़ते ही जमा भीड़ ने युवक की लात घूंसों से जमकर धुनाई की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी एमपी वर्मा ने बताया कि वह बाहर गए हुए थे। वापस लौट रहे हैं। जेबकतरे के पकड़े जाने की जानकारी मिली है। पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य युवक को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।