निरीक्षण में तीन आंगनबाड़ी केंद्रों में लटके मिले ताले
अमर उजाला ब्यूरो
पनवाड़ी (महोबा)। जिला कार्यक्रम अधिकारी सीएल साहू ने सोमवार को आधा दर्जन आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र सरकपुरा सहित तीन केंद्र बंद पाए गए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका नदारद मिलीं जबकि अन्य दो केंद्रों में बच्चे शून्य पाए गए। डीपीओ ने आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का वेतन रोक दिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी के सोमवार को निरीक्षण दौरान आंगनबाड़ी केंद्र सरकपुरा में ताला लटका पाया। कार्यकर्ता सुनीता और सहायिका पार्वती नदारद मिलीं। देवगनपुरा के केंद्र में कार्यकर्ता सुशीला उपस्थित पाई गई लेकिन 123 पंजीकृत बच्चों में एक भी बच्चा उपस्थित नहीं पाया गया। भरमपुरा बनियाट और पठानपुरा की कार्यकर्ता रामसखी सोनी, पम्मी राजपूत और कल्पना राजपूत का केंद्र भी बंद पाया गया। पोषाहार की जांच कराई गई। ग्रामीणों ने बताया कि सुपरवाइजर सावित्री का कार्यकर्ता पर कोई नियंत्रण नहीं है। जिससे अक्सर आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहते हैैं।
इसके बाद पूूर्व माध्यमिक विद्यालय उमरई का निरीक्षण किया गया। जहां पर प्रधानाध्यापक बृजकिशोर मिश्रा की ग्राम प्रधान कमलेश तिवारी द्वारा डीएम से की गई शिकायत पर एडीओ पंचायत दयाराम निर्मल के साथ जांच की। जांच में पाया गया कि प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक के विवाद के चलते बच्चों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी सहदेव को सौंप दी गई है।