खरेला (महोबा)। चरखारी-खरेला मार्ग के बीच टूटी पेयजल आपूर्ति की मुख्य लाइन से हजारों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो रहा है। जिसके कारण कस्बा खरेला बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहा है।
कस्बा खरेला की पेयजल आपूर्ति 10 दिनों से ठप्प पड़ी है। अर्जुन बांध के अस्तौन पंप हाउस से जुड़ी पांच किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन जगह-जगह टूटी पड़ी है। जिस पर कोई सुधार नहीं हो पा रहा है। जबकि खरेला की 20 हजार की आबादी बूंद-बूंद पानी को परेशान है। रवीद्र सिंह, ओम नारायण, प्रमोद तिवारी आदि ग्रामीणों का कहना है कि जल संस्थान के जिम्मेदार शिकायत के बाद भी क्षतिग्रस्त पाइपलाइन ठीक नहीं करा रहे हैं। उधर उपजिलाधिकारी चरखारी पीयूष जायसवाल ने बताया कि पेयजल आपूर्ति को लेकर गंभीर है। लीकेज पाइपलाइन का सुधार कराने के लिए निर्देश दिए हैं। जल्द ही समस्या का समाधान होगा।