बेलाताल (महोबा)। कस्बा जैतपुर में पिछले 30 दिनों में 20 शिकायतों के बाद भी नल से जल नहीं टपका। इससे छह मोहल्लों में एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप है। मंगरौल खुर्द स्थित ट्यूबवेल की मोटर फूंकने से करीब 500 परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग हर बार पुरानी मोटर की मरम्मत कराकर लगा देता है, जो कुछ ही दिनों में दोबारा फूंक जाती है।
मंगरौल खुर्द के ट्यूबवेल से अटल ज्योति विद्यालय से लेकर बाईपास तक करीब छह मोहल्लों में जलापूर्ति की व्यवस्था है। ट्यूबवेल की मोटर आए दिन खराब हो जाती है। इससे कस्बे के विभिन्न मोहल्लों की पेयजल आपूर्ति ठप हो जाती है। 30 दिन पहले ट्यूबवेल की मोटर फूंक गई थी। इसे अभी तक सही नहीं कराया गया। इसका खामियाजा कस्बावासियों को भुगतना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोग हैंडपंपों और निजी स्रोतों पर निर्भर हैं। कई परिवार साइकिल व बाइक पर डिब्बे लेकर दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। रामप्रताप, दीपक, देवेंद्र आदि का कहना है कि एक माह से आपूर्ति ठप है। हर दूसरे दिन जिम्मेदारों से शिकायत की गई। 20 से अधिक बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। हर बार मोटर की मरम्मत कराकर लगा दी जाती है लेकिन कुछ ही दिनों में फिर खराब हो जाती है। जब तक नई मोटर नहीं लगाई जाएगी, तब तक स्थायी समाधान नहीं होगा।
पुरानी नहीं नई मोटर लगवाई जाए
कस्बावासी हरगोविंद का कहना है कि पिछले 30 दिन से नलों में पानी नहीं आया। छोटे बच्चों और महिलाओं को दूर से पानी लाना पड़ रहा है। अब पुरानी मोटर की मरम्मत न कराकर नई मोटर लगाई जाए।
विभाग अस्थायी समाधान कर रहा
ग्रामीण देव सिंह का कहना है कि मरम्मत की गई मोटर एक माह भी नहीं चलती और फिर फूंक जाती है। विभाग अस्थायी समाधान कर रहा है। इससे लोगों की परेशानी खत्म नहीं हो रही। समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।
मोटर खराब, जलापूर्ति पूरी तरह चरमरा गई
प्रवेंद्र राठौर का कहना है कि बार-बार मोटर खराब होने से जलापूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। अधिकारियों को नई मोटर लगवाकर पेयजल आपूर्ति की स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए। ताकि लोगों को राहत मिल सके।
शिकायत के बाद भी सिर्फ आश्वासन मिलता
ग्रामीण रघुवर दयाल कुशवाहा का कहना है कि गर्मी व बारिश के मौसम में पानी की भारी किल्लत बनी है। कई बार शिकायत के बाद भी सिर्फ आश्वासन मिलता है। अब नई मोटर लगाकर नियमित जलापूर्ति शुरू कराई जाए।
वर्जन
मोटर फुंकने की जानकारी मिली है। एक-दो दिन को मोटर निकलवाकर मरम्मत को भेजी जाएगी। मोटर सही होते ही जलापूर्ति सुचारू रूप से की जाएगी। ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। -सर्वेश मिश्रा, अवर अभियंता, नमामि गंगे।