महोबा। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) को पंख देने के लिए स्वास्थ्य विभाग 16 से 30 सितंबर तक विशेष पखवाड़ा चलाने जा रहा है। इसे आपके द्वार आयुष्मान 2.0 अभियान नाम दिया गया है। कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की टीमें पात्रों के घर पहुंचेंगी और मौके पर ही गोल्डन कार्ड बनाकर देंगी। चित्रकूट धाम मंडल में गोल्डन कार्ड बनाने में महोबा अव्वल है जबकि प्रदेश भर में पांचवां स्थान है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एमके सिन्हा ने बताया कि जनपद में 65,868 परिवार आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थी हैं। इनमें 3.29 लाख लोगों के कार्ड बनाए जाने हैं। अब तक 1.06 लाख लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि विशेष पखवाड़ा मनाने का उद्देश्य गोल्डन कार्ड बनाने के कार्य को गति देना है।
योजना की जिला कार्यक्रम समन्वयक डा. योगिता शर्मा ने बताया कि जनपद के सभी सीएचसी, पीएचसी, कुछ आंगनबाड़ी केंद्र भी सेंटर बनाए गए हैं। जहां वीएलई की तैनाती भी की गई है। वंचित लोग अपने नाम के बारे में इन केंद्रों पर जाकर पता कर सकते हैं, अगर उनका नाम सूची में है तो कार्ड अवश्य बनेगा। इसके अलावा ऐसे मजदूर जिनके पास श्रम विभाग द्वारा जारी श्रम कार्ड है तो उनके भी आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनाए जाएंगे। उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा। जिले में अब तक 2850 मरीज निशुल्क इलाज का लाभ ले चुके हैं। डा. योगिता शर्मा ने बताया कि गोल्डन कार्ड बनाने में चित्रकूट धाम मंडल में महोबा अव्वल है, जबकि पूरे प्रदेश में यह 5वें पायदान पर है।