खन्ना (महोबा)। थाना क्षेत्र के ग्राम बहिंगा में तेज बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। एक मकान गिरने से 50 भेड़, चार बकरियां और दो भैंसें मलबे में दब गईं। ग्रामीणों की मदद से सभी पशुओं को बाहर निकालकर पशु अस्पताल पहुंचाया गया। 15 भेड़ों की हालत गंभीर है।
ग्राम बहिंगा निवासी देवीदयाल पाल पुत्र दुर्गा भेड़ बकरियां पाले है। भेड़ बकरियों को चराकर उनकी बिक्री करके परिवार का पालन-पोषण करता है। रविवार की रात को हुई तेज बारिश से मकान गीला हो गया। सोमवार की सुबह पुन: बारिश होने से कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। पशु मलबे में दब गए। भेड़-बकरियों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। आसपास के लोगों ने फावड़े और हाथों से मलवा हटाकर पशुओं को बाहर निकाला। करीब 15 भेड़ें अधिक चोट होने के कारण उठ नहीं पा रही हैं। उनका पशु अस्पताल में उपचार चल रहा है।