वैलेंटाइन-डे पर प्रेमी जोड़ों ने चोरी छिपे किया प्यार का इजहार
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। वैलेंटाइन-डे का खुमार प्रेमी जोड़ों के सिर चढ़कर बोला। चोरी छिपे प्रेमी जोड़ों ने प्यार का इजहार किया। एक दूसरे को गुलाब का फूल व उपहार देने का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शहर के ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर घूम रहे प्रेेमी जोड़ों को समझाते हुए कड़ी हिदायत देकर छोड़ा।
वैलेंटाइन-डे को लेकर प्रेेमी जोड़ों में खासा उत्साह दिखाई दिया। फूल विक्रेता व गिफ्ट सेंटरों ने युवाओं और युवतियों की भीड़ नजर आई। गुलाब की मांग अधिक होने के चलते दुकानदारों ने 10 से 20 रुपये में एक गुलाब देकर जमकर चांदी काटी। पूरे दिन प्रेमी जोड़ों के चोरी छिपे मिलने का सिलसिला चलता रहा। कुछ जोड़े पिकनिक स्पॉट ऐतिहासिक विजय सागर पक्षी बिहार पहुंचे तो कुछ जोड़े धार्मिक स्थलों के आसपास नजर आए। पाश्चात्य सभ्यता के इस पर्व पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं का पहरा रहा। अलग-अलग स्थानों पर घूमते मिले आधा दर्जन जोड़ों को कार्यकर्ताओं ने पकड़ा और हिदायत देने के बाद छोड़ दिया। बजरंग दल के जिला संयोजक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर आधा दर्जन से अधिक प्रेमी जोड़े मिले। जिन्हें माता-पिता से प्यार करने और उनकी सेवा करने की नसीहत दी गई। सोशल मीडिया में भी वैलेंटाइन-डे को लेकर मैसेज व वाट्सअप का दौर पूरे दिन चलता रहा।