महोबा। बेरोजगार युवक को अर्दली की नौकरी दिलाने के नाम पर सिपाही ने 1.10 लाख रुपये ठग लिए। रुपये लेने के बाद फोन रिसीव न करने से परेशान पीड़ित ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सिपाही के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनपद बांदा के अजीतपारा गांव निवासी बृजमोहन प्रजापति ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह स्नातक की शिक्षा ग्रहण करने के बाद बेरोजगार हैं। 16 अप्रैल 2023 को वह गांव के बाहर स्थित दुकान में चाय पी रहा था। तभी वहां एक सिपाही आया और उससे बातचीत करते हुए बताया कि वह महोबा में कचहरी पर सुरक्षा में तैनात है। उसने युवक को अर्दली की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके एवज में 50 हजार रुपये खर्च करने की बात कही। 18 अप्रैल को सिपाही ने युवक को फोनकर विकास भवन बुलाया और 50 हजार के स्थान पर 1.10 लाख रुपये देने को कहा। पीड़ित ने बताया कि उसने किसी तरह रिश्तेदारों से रुपयों की व्यवस्था कर सिपाही को 1.10 लाख रुपये दे दिए। तब सिपाही ने युवक से अगले दिन आने की बात कही। इसके बाद सिपाही ने फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सिपाही बृजभूषण के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।