महोबा। जिले में संक्रामक बीमारियों का कहर जारी है। रोजाना ओपीडी में उल्टी, दस्त व बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल में 620 मरीज आए। जिसमें डायरिया से पीड़ित 10 बच्चों को अस्पताल के वार्डों में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल में सुबह से मरीजों की भीड़ जुट रही है। पर्चा बनवाने से लेकर दवाएं लेने तक मरीजों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। रोजाना 600 से 1000 मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचे मरीजों में उल्टी-दस्त व बुखार के मरीज सर्वाधिक रहे। जिनमें 80 बच्चे शामिल हैं। डायरिया से पीड़ित 10 बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती कर उपचार किया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरपी मिश्रा का कहना है कि अस्पताल आने वाले मरीजों का प्राथमिकता के साथ उपचार किया जा रहा है। बच्चों को धूप व गर्म हवाओं से बचाते हुए खानपान में बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।