सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी देश को वैश्विक स्तर पर शर्मसार कर रही है।
इसको लेकर सेव कल्चरल वैल्यू फाउंडेशन ने हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर बृहस्पतिवार को विरोध जताते हुए धरना दिया।
नेतृत्व कर रहे डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि फेसबुक का गलत इस्तेमाल हुआ है। यह विडंबना है कि सरकार और पुलिस इस मामले पर गंभीरता से कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि बाला साहब के मामले में गिरफ्तारी तक हो गई थी।
वहीं, वरिष्ठ कवि देवी प्रसाद गुप्ता ने कहा कि फेसबुक अपराधीकरण को बढ़ावा दे रहा है। जिन लोगों ने गांधी जी के खिलाफ ऐसी टिप्पणी की है उन्हें न तो कानून का डर है और न ही देश की संस्कृति की चिंता। वे इसको मटियामेट करने में लगे हैं।
धरने में बैठी छात्रा महिमा शुक्ला ‘गांधी जी का अपमान नहीं सहेंगे, दोषियों को जेल में बंद करेंगे’ नारे के साथ विरोध जताते हुए कहा कि सरकार को विशेष कानून के साथ कुछ नई तकनीक का इस्तेमाल करने पर विचार करना चाहिए।
शीष श्रीवास्तव ने बताया कि फाउंडेशन फेसबुक और टिप्पणी करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कराएगा। ताकि दोबारा कोई ऐसी गलती करने की हिम्मत न जुटा सके।