कोठीभार थाना अंतर्गत ग्राम रामपुर खुर्द का मामला
सिसवा बाजार। कोठीभार थाना अंतर्गत ग्राम रामपुर खुर्द में शुक्रवार की शाम गांव के ही पोखरे में एक शव उतराया मिला। शव की पहचान गांव के ही अमित चौबे के रूप में की गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रामपुर खुर्द में शाम को पांच बजे कुछ लोग पोखरे की ओर गए तो वहां एक शव को उतराया देख शोर मचाने लगे। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने शव को बाहर निकाला तो उसकी पहचान गांव के ही अमित चौबे (35) के रूप में हुई। जानकारी होने पर अमित के परिजन मौके पर पहुंचे। अमित की पत्नी शैला देवी ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को अपने ससुर निक्क्न चौबे और दो बच्चे अंश चौबे व श्रीनाथ चौबे के साथ किसी कार्यक्रम में शामिल होने अपने ननद के घर गोरखपुर गई थी।
शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे के करीब वापस आई थी। इसके कुछ देर बाद घटना की सूचना मिली। अमित की मां पार्वती देवी ने बताया कि अमित मैकैनिक का काम करता था। बृहस्पतिवार के शाम से ही वह घर नहीं आया था।
इस संदर्भ प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।