निचलौल। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग अंतर्गत मधवलिया वन रेंज क्षेत्र के कोहड़वल गांव के सिवान में तेंदुए के हमले में एक युवक घायल हो गया। लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया।
सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान घायल युवक इरशाद (35) निवासी कोहड़वल ने स्वास्थ्य कर्मियों की पूछताछ में बताया कि वह खेत की ओर गया था। इसी बीच एक तेंदुए उस पर हमला कर दिया। चीख पुकार मचाने के बाद तेंदुआ भाग निकला। वहीं हादसे के बाद वह काफी डरा और सहमा है।
इस संबंध में मधवलिया वन क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि इस तरह की घटना की जानकारी नहीं मिली है। मामले में संबंधित बीट के वन कर्मी से भी जानकारी ली गई है।