दुकान पर खड़े युवक को तेज रफ्तार बाइक सवार ने मारी थी टक्कर
निचलौल-पुरैना मुख्य मार्ग पर गोपाला पुल के पास हुआ था हादसा
भिटौली। घुघली थाना क्षेत्र के निचलौल-पुरैना मुख्य मार्ग पर गोपाला पुल के पास बीते शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल कौशल गुप्ता (35) की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, गोपाला पुल के पास मृतक कौशल गुप्ता निवासी बड़हरा महंथ टोला पकड़ी अमहवा, थाना कोठीभार बीते शुक्रवार को अपनी दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान बलुअही धूस की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने कौशल गुप्ता को जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कौशल गुप्ता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। वहीं, ग्रामीणों की मदद से घायल कौशल को तत्काल सिसवा सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को इलाज के दौरान कौशल गुप्ता की मौत हो गई।
मां-बाप का इकलौता बेटा था कौशल
कौशल अपने पीछे मां-बाप व बेटे समर (14) और बेटी सोनम (12) समेत पत्नी सरिता को छोड़ गए हैं। मौत की खबर मिलते ही बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को कब्जे में ले लिया है। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया हैं कि परिजनों की ओर से लिखित तहरीर मिली हैं और दुर्घटना में प्रयुक्त बाइक को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।