मोबाइल से पत्नी से बात करने के दौरान हुई दुर्घटना
तीन महीने पहले पेंट पालिश काम करने गया था युवक
गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत नरकटहा बाजार टोला निवासी एक युवक की राजस्थान में छत से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मंगलवार सुबह परिजन राजस्थान के लिए रवाना हो गए, जबकि घर पर गर्भवती पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, नरकटहा बाजार टोला निवासी राकेश निषाद (28) राजस्थान में पेंट पॉलिश का काम करता था। सोमवार की रात खाना खाने के बाद वह अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर बात करने के लिए मकान की छत पर चला गया।
बातचीत के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
मृतक दो भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई का नाम मुकेश है। करीब तीन माह पहले वह राजस्थान गया था। उसकी शादी लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व किरन के साथ हुई थी। वर्तमान में उसकी पत्नी तीन माह की गर्भवती है। मंगलवार की सुबह परिवार के सदस्य राजस्थान के लिए रवाना हो गए। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। वहीं पति की मौत से सदमे में पहुंची पत्नी किरन का व माता मालती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।