मिठौरा। चौक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चैनपुर में उस समय मातम पसर गया, जब गांव के गुड्डू वर्मा (32) की पंजाब में अचानक हुई मौत की खबर उनके घर पहुंची। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और अपनों के बेहतर भविष्य के लिए करीब दो माह पहले रोजगार की तलाश में पंजाब गए गुड्डू अब कभी वापस नहीं लौटेंगे। उनकी असामयिक मौत की सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के मुताबिक, गुड्डू वर्मा पिछले लगभग दो माह से पंजाब में थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथियों ने तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों से पहले ही उनकी सांसें रुक गई। अस्पताल से मिली इस दुखद सूचना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।