भिटौली। देवरिया शाखा नहर में भिटौली थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के पास शनिवार दोपहर को एक डाल्फिन मछुआरों के जाल में फंस गई। डाल्फिन के फंसने की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद लोगों में कौतूहल फैल गया।
हालांकि मछुआरों ने समझदारी दिखाते हुए उसे बिना किसी नुकसान के जाल से निकालकर दोबारा नहर में छोड़ दिया। इस पूरी घटना का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मछुआरे नहर में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाए हुए थे। इसी दौरान अचानक एक डाल्फिन जाल में फंस गई। शुरुआत में मछुआरे भी उसे देखकर हैरान रह गए। बाद में उन्होंने सावधानीपूर्वक जाल से निकालकर उसे वापस पानी में छोड़ दिया।