सात जून को पिता का हुआ था निधन, दिल्ली से पिता की तेरहवीं में आया था घर
पीछे छोड़ गया बुजुर्ग मां, पत्नी और तीन छोटे बच्चे
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के बलहीखोर गांव में मंगलवार की सुबह आम तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। सात जून को उसके पिता का निधन हो गया था। उन्हीं की 13वीं में युवक दिल्ली से घर आया था।
जानकारी के अनुसार, बलहीखोर निवासी पप्पू यादव (35) मंगलवार सुबह करीब नौ बजे गांव के बगीचे में आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े थे। बारिश के कारण पेड़ फिसलन भरा होने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल पप्पू को परिजन तत्काल सीएचसी निचलौल ले जाया गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को मिली। सूचना पर कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि परिजन की सहमति के बाद शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया गया। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सात जून को हुआ था पिता का निधन
ग्रामीणों के अनुसार, पप्पू यादव दिल्ली में सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पिता संत यादव लंबे समय से पेट की बीमारी से पीड़ित थे और उपचार के दौरान सात जून को उनका निधन हो गया। पिता के निधन की सूचना मिलने पर पप्पू दिल्ली से गांव आए थे। 19 जून को पिता की तेरहवीं हुई थी। मंगलवार को बच्चों के कहने पर वह आम तोड़ने बगीचे में गए थे, जहां यह हादसा हो गया। पप्पू यादव दो भाइयों में बड़े थे। उनका छोटा भाई रोजगार के सिलसिले में विदेश में रहता है। पप्पू अपने पीछे बुजुर्ग मां, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।