जानकारी के अनुसार, पूर्व प्रधान की गांव के बाहर आटा-चक्की है। उनका बेटा रात में वहीं सोता था। बताते हैं कि पूर्व प्रधान के बेटे का गांव की एक युवती से आठ साल से प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवती की शादी तय हो गई थी। आरोप है कि पूर्व प्रधान का बेटा युवती की शादी तुड़वाने का प्रयास कर रहा था। इससे युवती के परिजन नाराज थे। वहीं, प्रेमी अपनी पहली पत्नी को छोड़ चुका था।
इसे भी पढ़ें: मम्मी-पापा मुझे माफ करना, मैं किसी को मुंह दिखाने के लायक नहीं
बताते हैं कि रविवार की रात खाना खाने के बाद युवक आटा-चक्की पर सोने गया था। सोमवार को सुबह आठ बजे तक घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। पता नहीं चलने पर शक के आधार पर पुलिस से शिकायत की और युवती के घर की तलाशी लेने के लिए कहा। आशंका जताई कि युवती के घर वालों ने उनके बेटे के साथ अनहोनी कर दी है।
इसी बीच मामले की जानकारी होने पर गांव के लोग युवती के दरवाजे पर पहुंच गए। सभी घर की तलाशी लेने की मांग करने लगे, लेकिन युवती के घर वाले तैयार नहीं हो रहे थे। वे पुलिस चौकी प्रभारी से भिड़ गए।
इसे भी पढ़ें: युवक को पीटकर मार डाला, पड़ोसियों को खबर भी न हुई
युवती के परिजनों के अड़ियल रवैये के बाद पनियरा, घुघली, भिटौली और श्यामदेउरवां थाने की पुलिस बुलाई गई। चार थानों की पुलिस पहुंचने के बाद युवती के घर की तलाशी ली गई तो भूसाघर में भूसे के बीच बोरे में भरा युवक का शव बरामद हुआ। इसके बाद लोग उग्र हो गए और हंगामा करने लगे। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।