सोनौली। नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर बुधवार सुबह एसएसबी जवानों ने रूटीन जांच के दौरान एक युवक के बैग से जानवर का सींग बरामद किया। सुरक्षा एजेंसियों ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोनौली सीमा के मुख्य गेट के पास सुरक्षा एजेंसियां नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहे एक युवक के बैग को एक्स-रे स्कैनिंग मशीन से जांचा गया। स्कैनिंग के दौरान बैग के अंदर सींग जैसी वस्तु दिखाई दी। संदेह होने पर जवानों ने युवक को रोककर उसके बैग की सघन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैग से याक (नेपाली गाय) का सींग बरामद होने की बात सामने आई। पूछताछ में युवक की पहचान संजय कुमार बंसल निवासी पलाश गढ़ रोड, मेरठ के रूप में हुई है। एसएसबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और बरामद सींग के संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक सींग कहां से लेकर आया था और इसे भारत लाने का उसका उद्देश्य क्या था। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।
इस संबंध में सहायक सेनानायक संदीप सिंह ने बताया कि सींग के साथ पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है।