महराजगंज। पनियरा-मुजुरी मार्ग पर करमहिया तिराहे के पास गुरुवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे ऑटो और दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को पनियरा स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से तीन की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर 18 वर्षीय युवती सावित्री को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो घायलों का इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पनियरा थाना क्षेत्र के अकटहवा डोमरा निवासी निषाद अपने भाई अमित और 18 वर्षीय बहन सावित्री को बाइक से लेकर श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के पिपरा अन्हया से घर लौट रहा था। दूसरी बाइक से पनियरा थाना क्षेत्र के गिरगिटिया निवासी हेमंत पुत्र सुदामा भी पनियरा से अपने घर जा रहा था। तीनों बाइक सवार करमहिया तिराहे पर पहुंचे ही थे कि मुजुरी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ऑटो ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी।
हादसे में सावित्री और मंदीप को गंभीर चोटें आईं। मंदीप का दाहिना पैर टूट गया, जबकि हेमंत के सिर और कंधे में गंभीर चोट लगी। चारों घायलों को पनियरा स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने सावित्री, मंदीप और हेमंत की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। अमित को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने सावित्री को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि सावित्री का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।