सोमवार की सुबह थाने में पहुंचे थे दोनों पक्ष, पंचायत के बाद युवती ने उठाया आत्मघाती कदम
युवती ने प्रेमी पर चार वर्ष पूर्व एक मंदिर में शादी करने का लगाया आरोप
नौतनवा। स्थानीय कस्बे में नहर रोड पर स्थित श्याम मंदिर के पास सोमवार की शाम प्रेमी की बेवफाई से क्षुब्ध एक युवती ने चलती गाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह लोगों ने समझा-बुझाकर युवती को शांत कराया और इसकी सूचना पुलिस को दी।
आत्महत्या की कोशिश करने वाली युवती नेपाल के रूपनदेही जनपद क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। युवती ने बताया कि करीब 9 वर्ष से उसका नौतनवा के एक वार्ड निवासी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। उसके प्रेमी ने करीब चार वर्ष पूर्व एक मंदिर में उसके साथ शादी भी रचाई थी। हाल ही में उसे युवक के शादीशुदा और उसका एक बच्चा भी होने की जानकारी मिली। युवती ने बताया कि वह युवक के बुलावे पर ही बृहस्पतिवार को नौतनवा कस्बे में पहुंची थी।
आरोप है कि युवक ने तीन दिनों तक उसे एक गेस्ट हाउस में रखा। इसके बाद रविवार को उसे नेपाल के भैरहवा स्थित एक होटल में भेज दिया। उधर, युवती के परिजन नेपाल में ही गुमशुदगी दर्ज करा उसकी तलाश में जुटे हुए थे। सोमवार की सुबह जानकारी होने पर परिजन युवती को नेपाल से लेकर नौतनवा थाने पर आए। थाने पर युवक के घर वाले भी पहुंचे। पंचायत के बाद युवती के परिजन उसे अपने साथ लेकर घर के लिए निकले लेकिन युवती प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही और परिजन का साथ छोड़ थाने से बार निकल गई।
इसके बाद युवती अपने कथित शादीशुदा प्रेमी के घर पहुंची तो वहां ताला लगा हुआ था। थक-हारकर सोमवार की शाम कस्बे के गांधी चौक से खैराटी गांव को जाने वाले नहर रोड पर स्थित श्याम मंदिर के पास युवती ने एक चलती चारपहिया के आगे कूद गई। गनीमत रही कि वाहन चालक ने तत्काल ब्रेक लगा दिया, जिससे युवती की जान बची।
इतने में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ देर बाद सूचना पर पहुंची पुलिस युवती को थाने पर ले गई। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि मामला नेपाल से जुड़ा हुआ है। युवती को उसके परिजनों की सुपुर्दगी में देने के लिए सूचना देकर उन्हें थाने पर बुलाया गया है।