चौक थाना क्षेत्र का है मामला
चौक बाजार। नेपाल निवासी एक युवती की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका की पहचान शोभा के रूप में हुई है। महराजगंज शहर में युवती अपने भाइयों के साथ किराये के मकान में रहती थी। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार, शोभा मूल रूप से नेपाल की रहने वाली थी। चौक थाना क्षेत्र के ग्राम झुंगवा में उसके नाना-नानी का घर है। वह अपने भाइयों के साथ महराजगंज शहर में किराये के मकान में रहती थी। परिवार में उसके दो भाई शेर सिंह और अर्जुन सिंह हैं। शुक्रवार की रात में किराए के मकान में ही उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिला अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस संबंध में कोतवाली निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। हालांकि मौत के कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।