12 मई तक जिले में गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना
महराजगंज। करीब एक सप्ताह से कभी धूप तो कभी तेज हवा के साथ हो रही बारिश के बाद शनिवार को एक बार फिर मौसम में बदलाव दिखा। सुबह से शाम तक हल्की धूप होने से मौसम शुष्क बना रहा। मौसम में आई गर्माहट की वजह से लोगों को दिन में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान दिखे। मौसम विभाग ने 12 मई तक जिले में गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
बीते करीब एक सप्ताह से रुक-रुक कर हो रही बारिश और आंधी के बाद शनिवार को मौसम शुष्क हो गया है। सुबह से ही हल्की धूप होने के कारण उमस में बढ़ोतरी दर्ज की गई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 3-4 दिनों में तापमान में वृद्धि होने की संभावना है, लेकिन इस दौरान जिले के कुछ इलाकों में हवा और गरज चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। उन्होंने बताया कि 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय हो सकता है। इसके चलते 12 मई तक आसमान में बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।