परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने आरोपी स्कूटी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के गोरखनाथ थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी शहीद हुसैन ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उनका भाई सद्दाम हुसैन (27) अपने दोस्त अताउल्लाह अंसारी उर्फ सैफ के साथ जरूरी काम से 20 नवंबर की शाम परतावल आया था। शाम लगभग 5.45 बजे जब दोनों भारतीय स्टेट बैंक के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही स्कूटी ने सद्दाम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में सद्दाम हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उनके दोस्त अताउल्लाह उर्फ सैफ उन्हें उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही परतावल के बभनौली टोला के निकट सद्दाम हुसैन ने दम तोड़ दिया।