महराजगंज/भिटौली। क्षेत्र अंतर्गत दरौली गांव के टोला अजमतपुर में शुक्रवार को भैंस चरवाहे पर युवक ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर जुटे लोगों की मदद से उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर घायल की हालत गंभीर बनी है।
जानकारी के मुताबिक, दरौली गांव के टोला अजमतपुर निवासी अवध बिहारी (50) गांव से सटे गांव अगया के सिवान में भैंस चरा रहे थे। इसी बीच अगया निवासी युवक धर्मपाल (20) उनके पास आ पहुंचा। अभी वह कुछ समझ पाते कि युवक धर्मपाल ने उनके ऊपर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला बोल दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार गुप्ता से मिली जानकारी के मुताबिक घायल व्यक्ति अवध बिहारी को इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है। जबकि मौके से आरोपी युवक धर्मपाल को गिरफ्तार करके घटना के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है।