महराजगंज। हज यात्रा में इस बार कई बदलाव हुए हैं। इस बार लिखित परीक्षा पास करने वाले ही हज यात्रियों के प्रशिक्षक बन सकेंगे। पहले अनुभव व भाषा ज्ञान के सहारे प्रशिक्षक तय हो जाते थे। परीक्षा के लिए ऑनलाइन अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को आवेदन देना होगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए 14 दिसंबर आखिरी तारीख निर्धारित कर दी गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज अग्रवाल ने बताया कि हज प्रशिक्षक के लिए ऑनलाइन आवेदन का मौका चार दिसंबर से दिया गया है। इसकी अंतिम तारीख 14 दिसंबर है। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
हज पर जाने वाले यात्रियों को प्रशिक्षित करने के लिए प्रशिक्षकों के तैनाती की प्रक्रिया शुरू है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने प्रशिक्षकों के तैनाती का सर्कुलर जारी कर दिया है। प्रशिक्षक बनने वालों को हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना है।