महराजगंज। विश्व पर्यावरण दिवस पांच जून को है। इस बार शासन के निर्देश के क्रम में 15 दिन तक पौधों व पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाकर इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इसके लिए आला अधिकारियों ने कमर कस ली है, और इसमें सभी विभागों को उतार दिया गया है। जनपद पेड़-पौधों और वन्य क्षेत्र की अधिकता के कारण हरा भरा है, लेकिन शासन के निर्देश क्रम में विश्व पर्यावरण दिवस पर वृहद पौधरोपण अभियान की कार्ययोजना तैयार की गई है। इस पर आज से ही अमल प्रारंभ किया जाएगा। दोपहर बाद आज जिला स्तरीय प्रशासनिक अमला रोहिन नदी के त्रिमोहानी घाट पहुंचेगा और तटों के साथ घाटों को चकाचक किया जाएगा। बृहस्पतिवार को दिन में नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में व्यापक पैमाने पर पौधरोपण कराया जाएगा जिसके लिए पौध उपलब्धता वन विभाग कराएगा।
पौधरोपण में सभी विभागों को सहभागिता तय करनी होगी। अभियान के तहत रोपे गए पौधों की सुरक्षा व संरक्षण कार्य ग्राम पंचायत, खंड विकास कार्यालय व मनरेगा की होगी। संवाद