निचलौल। कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र के ईटहिया गांव में पुल निर्माण में लगे पांच मजदूरों की शनिवार को देर शाम कुछ मनबढ़ों ने पिटाई कर घायल कर दिया। लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने दो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि तीन को दवा देकर घर भेज दिया। पीड़ित मजदूरों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, ईटहिया गांव के पास छोटी गंडक नदी पर पुल का निर्माण चल रहा है। शनिवार को कुछ मजदूर निर्माण कार्य में लगे थे। इसी बीच कुछ मनबढ़ युवक निर्माणाधीन पुल के रास्ते गुजरने लगे। मजदूरों ने विरोध किया तो कुछ देर बाद मनबढ़ों ने मजदूरों पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें शाहिद खान (30), कुंदन यादव (18), अभिषेक प्रताप मल्ल (31), कृष्णा गुप्ता (25) और अभिषेक सिंह (23) घायल हो गए।
मजदूरों की चीख पुकार सुन मौके पर लोगों की भीड़ जुटते देख हमला करने वाले युवक धमकी देते हुए भाग निकले। घायल मजदूर शाहिद और कुंदन को गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है, जबकि अभिषेक प्रताप मल्ल, कृष्णा गुप्ता और अभिषेक सिंह को मामूली चोट लगने के चलते दवा देकर अस्पताल से घर भेज दिया। वहीं कोतवाली ठूठीबारी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रणव कुमार ओझा ने बताया कि मामले में एक आरोपी युवक को पकड़ थाने लाया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। संवाद